बिहार : तेज धूप से चढ़ा पारा, उमस भरी गर्मी से लोग परेशान; चार दिनों तक होगी बारिश
पटना में बुधवार को तेज धूप और धीमी हवा की वजह से लोग दिन भर उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। दिन में पारा लगतार चढ़ रहा है जबकि रात में तापमान स्थिर है। दोपहर एक बजे से तीन बजे के बीच पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया। शाम होते-होते तापमान में 6 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई जिससे लोगों को राहत मिली।
मौसम विभाग का कहना है कि बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में 11 से 15 जून तक मौसम लगातार बदलेगा। कई जिलों में तेज हवा के साथ मध्य दर्जे की बारिश होगी। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। बंगाल की खाड़ी में निम्न हवा के दबाव का क्षेत्र बन रहा है जो पश्चिम बंगाल होते हुए झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश की तरफ बढ़ रहा है। इसके साथ ही बिहार और उत्तर प्रदेश के 900 मीटर ऊंचे क्षेत्र में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना है। इससे अगले चार दिनों तक आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना है।
पटना में बुधवार को अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने अनुमान है। इस दौरान आसमान पर बादल छाए रहेंगे और देर शाम आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है।