बिहार में बिजली गिरने से 83 की मौत / गोपालगंज में 14 और मधुबनी-नवादा में 8-8 लोगों की जान गई, 12 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट
बिहार में गुरुवार को बिजली (ठनका) गिरने से 9 जिलों में 39 लोगों की मौत हो गई। 11 लोगों की हालत गंभीर है। मृतकों में गोपालगंज के 13, औरंगाबाद-सीवान के 6-6, दरभंगा के 5, मोतिहारी के 3, बेतिया-मधुबनी के 2-2 और बक्सर-जहानाबाद के एक-एक लोग शामिल हैं। सीवान के भगवानपुर और अरुआ गांव में बिजली गिरने से मकान गिर गया। गोपालगंज के उचका गांव में अलग-अलग जगहों पर खेत में काम कर रहे सात लोगों की मौत हो गई। बरौली में दो, सोनबरसा और खजूरिया में एक-एक की जान गई। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए 12 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। इसमें पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा और मधेपुरा शामिल हैं। इसके अलावा कटिहार, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया और जमुई में भी भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, देश में तीन सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तरी छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के ऊपर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम धीरे-धीरे उत्तर-पूर्व में आगे बढ़ेगा और बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश तराई क्षेत्रों के करीब पहुंचेगा। मानसून ट्रफ भी 27 जून तक तराई क्षेत्रों में रहेगा। इस वजह से बिहार में भारी बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पूर्व की तरफ से हवाएं चलेंगी।