जन सुविधा के साथ नागरिक बोध की कमी
जहानाबाद। जहानाबाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में सबसे बड़ी जन समस्या क्या मानते हैं? जल जमाव, अतिक्रमण, सार्वजनिक स्थलों पर जन सुविधा, कचरा प्रबंधन और गरीबों को पक्का मकान, गली-नाली की सेवाओं में प्राथमिकता क्या है? नागरिक सेवाओं के लिए क्षमता, कमी और अवसर के रूप में क्या है? नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मुकेश कुमार के साथ इन सवालों पर क्या कहा-प्रस्तुत है बातचीत का प्रमुख अंश।
प्रश्न – शहर की सबसे बड़ी समस्या क्या मानते हैं?
उत्तर – नागरिकों की समस्या ही हमारी समस्या है। शहर में सार्वजनिक शौचालय के साथ नागरिक बोध की कमी है। हाल में सदर अस्पताल के समीप डीलक्स यूरिनल नागरिकों को समर्पित किया गया है। कारगिल चौक तथा फिदा हुसैन मोड़ के समीप डीलक्स शौचालय के निर्माण का कार्य चल रहा है। एनएच 83 के किनारे दोनों ही स्थानों पर डीलक्स शौचालय के निर्माण को लेकर निविदा की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
प्रश्न- जल जमाव की समस्या से शहरी क्षेत्र को कब मिलेगी निजात?
उ. – अस्थाई निदान के लिए अलगाना नाले कि उड़ाई कराई जा रही है। पुरानी समस्या को दूर करने में मशक्कत करना पड़ा है। आने वाले समय में शहर के हर घर का गंदा पानी सीधे दरधा नदी में गिरेगा।
प्र.- मुख्य सड़क से लेकर गली-मोहल्ले को अतिक्रमण मुक्त कैसे करेंगे?
उ.- अतिक्रमण मुक्त शहर बनाने के लिए ऑपरेशन क्लीन चलाया गया था। अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई भी हुई है। फुटपाथ दुकानदारों को वेंडिग जोन में व्यवस्थित करने का प्रयास कर रहे हैं। वेडिग जोन का दायरा बढ़ाने के दिशा में भी कार्य हो रहे हैं।
प्र.- नगर परिषद पर राजस्व वसूली में सुस्त क्यों पड़ा है?
उ.- देखिए कोरोना काल में लंबे समय तक व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद थे। दुकान के संचालकों पर किराया जमा करने को लेकर समय दिया गया है। फिलहाल शहर में छोटे-बड़े 210 दुकानें संचालित है। इन दुकानों से 100 रुपये से लेकर 500 तक मासिक किराया लिया जाता है। इसके अलावा होल्डिग बैनर से औसतन वार्षिक 80 लाख रुपये की वसूली होती है।
प्र.- नए साल में नगर परिषद की क्या योजना है?
उ.- योजनाएं वित्तीय वर्ष के अनुसार बनता है। नए साल के शुरुआत में ही बस स्टैंड में आश्रय स्थल का लोकार्पण किया गया। शहर में तीन पार्को के निर्माण होना है। गांधी मैदान के समीप पार्क लोगों के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं। अनुमंडल कार्यालय के समीप में पार्क का निर्माण कार्य लगभग पूरा है। जहानाबाद को सुंदर व स्वच्छता के लिए बीते वर्ष सातवां स्थान था। अब पहले पैदान पर पहुंचे इस दिशा में कार्य चल रहा है।
प्र.- शहर में कितनी योजनाएं संचालित है?
उ.- फिलहाल 13 योजनाएं संचालित है। नाले का निर्माण, गलियों को पीसीसी और जलापूर्ति की योजना शामिल है।