सेंधवा में गोली मारकर महिला की हत्या
जहानाबाद। परसविगहा थाना क्षेत्र के सेंधवा गांव में गुरुवार की रात अपराधियों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। महिला देवराज यादव की पत्नी लक्ष्मीनिया देवी 38 वर्ष अपने घर के कमरे में सो रही थी। उसी कमरे में उसके बेटे व बेटी भी सोए हुए थे। अपराधी घर का दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश कर गए और महिला को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर पास में सो रहे पुत्र व पुत्री उठे तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। पुत्र मनीष ने बताया कि हमलोग एकही कमरे सोए हुए थे। पिताजी समीप के कमरे में सो रहे थे।जब तक हमलोग कुछ समझ पाते अपराधी गोली मारकर भाग चुके थे। मां खून से लथपथ पड़ी थी। हमलोग चीख पुकार मचाने लगे। इसी बीच पिता की नींद भी खुल गई और वे हमलोग के समीप आए। लेकिन तब तक मां की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस भी पहुंची।शव को अपने कब्जे में लेकर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एफएसएल की टीम जांच के लिए पहुंची है।ब्लड का सैंपल लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी भी यह अबूझ पहेली बनी हुई है कि महिला की हत्या किसने और क्यों की। खबर भेजे जाने तक इस मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। पुलिस ने अपने स्तर से जांच प्रारंभ कर दी है। जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गिरफ्तारी को लेकर पुलिस छापेमारी कर रही है।