जहानाबाद: पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेसियों का पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन
पेट्रोल डीजल के मूल्य वृद्धि एवं महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी का देश व्यापी विरोध प्रदर्शन कार्यक्रम के तहत जिला कांग्रेस कमेटी के नेताओं ने शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित शहर के भारत पेट्रोल पंप पर प्रदर्शन किया। पार्टी के अध्यक्ष हरिनारायण द्विवेदी के नेतृत्व में आयोजित विरोध प्रदर्शन में भारी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। इस अवसर पर कार्यकर्ता महंगाई पर रोक लगाओ,पेट्रोल डीजल के मूल्य वृद्धि वापस लो आदि नारा लगा जमकर प्रदर्शन किया। मौके पर नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि 2014 में महंगाई एवं बेरोजगारी को मुख्य मुद्दा बनाकर देश के सत्ता पर काबिज हुई प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार देश की जनता के साथ धोखा देने का काम कर रही हैं।
उन्होंने वादा किया था कि 100 दिनों में महंगाई कम करेंगे। हर वर्ष दो करोड़ बेरोजगार लोगो को रोजगार देंगे,लेकिन आज महंगाई आसमान छू रही है।2013 में पेट्रोल 60 रुपए थी। आज 103 रुपए ,डीजल 94 रुपए,सरसो का तेल 200 रुपए किलो हो गई। वही आज देश में रिकॉर्ड बेरोजगारों की फौज खड़ी है। फिर भी केंद्र में भाजपा की सरकार एवं प्रधानमंत्री को इसकी कोई चिंता नहीं है। वह देश को जाति,धर्म एवं संप्रदाय में बांटकर सत्ता में बने रहना चाहते हैं। कांग्रेस पार्टी एवं नेता राहुल गांधी 2014 में किए वादे याद दिलाते हुए जनता को जागरूक करने के लिए महंगाई के विरोध में इस सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करने का कार्य कर रहे हैं।
सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया तो होगा आंदोलन
कांग्रेस पार्टी ने यह निर्णय लिया है की पेट्रोल,डीजल पर बढ़े हुए दाम एवं महंगाई पर जबतक सरकार रोक नही लगाती है,तब तक पार्टी सड़क से लेकर संसद तक सरकार को चैन से नहीं रहने देगी। पेट्रोल डीजल के मूल्य वृद्धि से खाद्यान की वस्तुएं महंगी हुई है,जिससे गरीब एवं मध्यम वर्ग के लोगों के ऊपर आर्थिक बोझ के साथ साथ भुखमरी की स्थिति बनी हुई है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष भूषण कुमार सिंह, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, पूर्व जिला पार्षद व पार्टी के वरिष्ठ नेता गोपाल शर्मा, पूर्व अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा, प्रो खलील अंसारी आदि थे।