जहानाबाद: लालू के जन्मदिन पर गरीबों को खिलाया गया खाना
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की 74 वें जन्मदिन पर यहां जिले भर में राजद कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कर उनकी लंबी उम्र की कामना की। पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र पूरी तरह स्वस्थ्य होने की कामना की। शहर में अांबेडकर नगर स्थित कर्पूरी अनाथालय ठाकुरबाड़ी में राजद जिलाध्यक्ष महेश ठाकुर के अध्यक्षता में केक काटकर मनाया गया। जन्मोत्सव को कार्यकर्ताओं द्वारा सद्भावना दिवस के रूप में मनाते हुए लालू रसोई के द्वारा महादलित टोला आंबेडकर नगर एवं अगल बगल के दलित महादलित गरीब गुरबा को भोजन कराया गया। इधर छात्र राजद के पूर्व जिलाध्यक्ष शैलेश कुमार यादव के नेतृत्व में दलित बस्ती बभना,जहानाबाद में लालू रसोई के माध्यम से 250 गरीब लोगों को भोजन करा कर जन्मदिवस को “सामाजिक न्याय सम्मान दिवस” के रूप में मनाया गया।
मौके पर बिहार प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष प्रोफेसर रामबली सिंह चंद्रवंशी, स्थानीय विधायक सुदय यादव, मखदुमपुर विधायक सतीश दास ,पूर्व विधायक डॉ सच्चिदानंद यादव, पूर्व विधायक सूबेदार दास, जिला प्रवक्ता पप्पू यादवू, मनोज यादव,रामबाबू पासवान, छत्रधारी प्रसाद, संजय कुमार लालसे, सोनू यादव ,धर्मपाल सिंह यादव व बैकुंठ यादव सहित कई अन्य शामिल थे। इधर घोसी प्रखंड के गुलगुलिया मखदुमपुर गांव में राजद प्रखंड अध्यक्ष सह ज़िप सदस्य रामदीप यादव ने राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव जन्मदिन के अवसर पर भोज का आयोजन किया। इधर काको प्रखंड मुख्यायल में विष्णु मंदिर के प्रांगण में जिला परिषद सदस्य सह राजद अतिपिछड़ा प्रकोष्ट के जिलाध्यक्ष आदित्य कुमार के नेतृत्व में राजद कार्यकर्ताओं द्वारा केक काटकर एवं सैकड़ो गरीबों को भोजन कराकर उनका जन्मदिन मनाया गया।